पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, जेल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। एक युवक ने चार साल की बच्ची को डरा धमकाकर उससे रेप किया। बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसकी मां को इसका पता चला। मां ने इसकी शिकायत थाना मेहरबान की पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी विक्की कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने पीड़ित बच्ची का शुक्रवार को सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया। उसके स्वैब जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
पीड़िता की मां द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उसके पति एक निजी फैक्टरी में काम करते हैं। उनकी चार साल की बच्ची है। कुछ दिन पहले वह घर के बाहर खेल रही थी तो पड़ोस में रहने वाला आरोपी विक्की उसे अपने साथ ले गया और उसके साथ दुराचार किया। इसके बाद आरोपी ने बच्ची को डरा दिया। बच्ची पहले तो किसी को कुछ बताने के लिए नहीं बोली लेकिन जब ज्यादा दर्द हुआ तो उसने अपनी मां को बताया। जब वह बच्ची को मोटर पर नहला रही थी तो आरोपी भी वहां नहाने आ गया। जहां उसकी बच्ची ने सारी बात उसे बताई। इसके बाद पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस को सूचना दी। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सिमरनजीत कौर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। बच्ची का मेडिकल करवा दिया गया है।