संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। पंजाब पुलिस के सिपाही बलजीत सिंह बंब (36) ने नशे की ओवरडोज लेकर आत्महत्या कर ली। वे हलवारा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी और बाद में उनकी मौत हो गई।
जिला लुधियाना ग्रामीण पुलिस को बलजीत सिंह की जेब से सुसाइड नोट मिला है जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी दलजीत कौर और सास लखविंदर कौर पर मानसिक परेशान करने का आरोप लगाया है। साथ ही दोनों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। थाना सुधार में जिला फिरोजपुर के गांव बंडाला नौ बंब निवासी बलजीत कौर की मां चरणजीत कौर की शिकायत पर बलजीत की पत्नी दलजीत कौर और सास लखविंदर कौर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धारा में केस दर्ज हुआ है।
बलजीत सिंह ने सुसाइड नोट में लिखा है कि वह पत्नी और सास से परेशान होकर नशे का आदी हो चुका है। वह आज नशे की ओवरडोज लेकर आत्महत्या कर रहा है। उसकी पत्नी दलजीत कौर चार वर्ष पहले इकलौते बेटे अर्पणजोत सिंह संधू को लेकर उत्तराखंड के जिला हरिद्वार के गांव आलमपुरा में अपने मायके चली गई थी और कभी वापस नहीं लौटी। वह कई बार अपने ससुराल गया लेकिन उसे बेटे से नहीं मिलने दिया गया।
एयरपोर्ट पर तैनात पंजाब पुलिस के चार सदस्यीय सुरक्षा दल के प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने बताया था कि बलजीत सिंह एयरपोर्ट के मुख्य द्वार पर ड्यूटी कर रहे थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे वे चक्कर खाकर गिर गए। उन्हें एतिआणा की डिस्पेंसरी में इलाज के लिए ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बलजीत सिंह को कस्बा सुधार बाजार स्थित एक नर्सिंग होम ले जाया गया, वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला ग्रामीण पुलिस प्रमुख एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता, दाखा के डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा, डीएसपी रायकोट हरजिंदर सिंह, थाना सुधार के प्रभारी गुरदीप सिंह समेत सभी अधिकारियों और पुलिस मुलाजिमों ने बलजीत की मौत पर दुख जताया है।