सोमवार को वित्त मंत्री के कार्यालय आगे परिवारों के साथ धरना देते जल सप्लाई विभाग के ठेका कर्मी।
- फोटो : BATHINDA
बठिंडा। जल सप्लाई एवं सैनिटेशन कंट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने सोमवार को रोज गार्डन से वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के कार्यालय तक अपने परिवार के साथ रोष मार्च निकाला। वित्त मंत्री बादल के कार्यालय का घेराव करते हुए कर्मियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
ठेका कर्मियों की ओर से वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के कार्यालय आगे लगाए गए धरने को संबोधन करते हुए जल सप्लाई यूनियन के प्रदेश सचिव कुलदीप सिंह ने कहा कि विभाग में लंबे समय से ठेके पर काम कर रहे कर्मियों को सरकार रेगुलर करने के बजाय कर्मचारी विरोधी नीतियों को बना रही। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के समूह विभागों में ठेका आधारित काम कर रहे सभी कर्मियों को रेगुलर किया जाए।
जल सप्लाई यूनियन के प्रदेश सचिव कुलदीप सिंह ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष कर रहे कर्मियों की आवाज दबाने के लिए सरकार के आदेशों पर विभाग के अधिकारी परेशान कर रहे हैं। धरने में शामिल होने वाले कर्मियों के खिलाफ पत्र जारी किए जा रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने मांगें न मानी तो संघर्ष को तेज करेंगे।