हलवारा। हलका रायकोट के ब्लॉक सुधार के दो दिग्गज कांग्रेसी सरपंचों पर थाना दाखा में महिला से दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी निर्मल सिंह उर्फ गोपी गांव राजोआना कलां का सरपंच और मशहूर करोड़पति है जबकि दूसरा आरोपी परमजीत सिंह गांव टूसे का सरपंच और कांग्रेस जिला दलित विंग का प्रधान है। इन दोनों सरपंचों का पिछले कुछ समय से अपनी ही कांग्रेस पार्टी के सांसद डॉ. अमर सिंह से छत्तीस का आंकड़ा चल रहा है और दोनों पर ही पिछले कुछ महीनों में सरकारी ग्रांट में हेराफेरी के मुकदमे भी दर्ज हो चुके हैं। सांसद डॉ. अमर सिंह के निर्वाचन क्षेत्र फतेहगढ़ साहिब के एक गांव की महिला ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एसएसपी लुधियाना ग्रामीण को 30 अप्रैल 2021 को शिकायत की थी जिसकी जांच एसपी हेडक्वार्टर द्वारा की गई। इसके बाद थाना दाखा में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। दोनों आरोपी फरार हैं और अग्रिम जमानत के लिए अपने वकीलों के जरिये अदालत की शरण में जा रहे हैं।
पीड़िता ने एसएसपी ग्रामीण को दी शिकायत में कहा है कि संसदीय चुनाव के दौरान सरपंच परमजीत सिंह टूसे ने उसकी मुलाकात सरपंच निर्मल सिंह गोपी से करवाई थी। इसके बाद सरपंच गोपी ने उसका मोबाइल नंबर लेकर नजदीकी बनाना शुरू कर दी। गोपी ने उसे कहा कि उसकी पत्नी की औलाद नहीं हो रही इसलिए वह उसे तलाक देकर उससे शादी कर लेगा। आरोपी गोपी ने भरोसे में लेकर 3 जुलाई 2020 को मुल्लांपुर दाखा के ग्रैंड मेरिविल्ला होटल और 11 जुलाई 2020 मिनी हॉलैंड होटल में ले जाकर शादी का झांसा देते हुए दुष्कर्म किया। सरपंच परमजीत सिंह टूसे लगातार बिचौलिये की भूमिका निभाता रहा। इसके बाद आरोपी शादी से मुकरने के साथ जान से मारने की धमकी भी देने लगा।
उधर, सरपंच गोपी से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि महिला उसे ब्लैकमेल कर रही है और विरोध के चलते उन्हीं की पार्टी के सांसद डॉ. अमर सिंह ने उन पर झूठा मुकदमा दर्ज करवाया है। सरपंच गोपी ने माना कि संसदीय चुनाव के दौरान उनकी मुलाकात उस महिला से हुई लेकिन एक साल से वह कभी उससे नहीं मिले। महिला ने पहले 30 लाख रुपये फिर 20 लाख और अंत में साढ़े छह लाख देने की मांग की थी। जब उन्होंने रुपये नहीं दिये तो मुकदमा दर्ज करवा दिया। उनके पास महिला की 40 फोन रिकॉर्डिंग मौजूद हैं जिनमें वह रुपये की मांग कर रही है।
जांच अधिकारी थानेदार जगदीश सिंह ने कहा कि मुकदमा दर्ज होने की भनक पड़ते ही दोनों आरोपी फरार हो गए हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।