फिरोजपुर रोड स्थित हैरी कूमरा पैलेस में कांग्रेस की तरफ से एससी विंग के दलित लीडर्स सम्मेलन का आयोजन किया गया। डॉ. भीमराव अंबेडकर के 125वें जन्मदिवस को समर्पित समारोह में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह, कैंपेन कमेटी की चेयरपर्सन अंबिका सोनी, पंजाब कांग्रेस के प्रभारी शकील अहमद, पूर्व प्रदेश प्रधान प्रताप सिंह बाजवा, सांसद रवनीत सिंह बिट्टू शामिल हुए।
समारोह के दौरान सीनियर नेताओं ने आश्वासन दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में दलित समाज को अहमियत दी जाएगी। सीनियर नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर पेंशन को ढाई सौ रुपये से बढ़ाकर दो हजार रुपये और शगुन 15 हजार से 51 हजार रुपये किया जाएगा।
समारोह में पंजाब कांग्रेस के प्रभारी शकील अहमद और संतोष चौधरी ने कहा कि सम्मेलन की शुरुआत में पहुंची भारी भीड़ बता रही है कि पंजाब में आने वाली सरकार कांग्रेस की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर दलितों का पूरा ख्याल रखा जाएगा। पंजाब में अकालियों को सत्ता से अलग करने और कांग्रेस के सत्ता पर काबिज होने के लिए कांग्रेस अकेले नहीं बल्कि दलित समाज को पूरी तरह से साथ लेकर काम करेगी। कांग्रेस हर वर्ग के लोगों को शिक्षा प्रदान कराएगी।
उन्होंने कहा कि अकाली भाजपा सरकारी की गलत नीतियों ने राज्य के व्यापारिक ढांचे को भी खराब कर दिया है। उसे लाइन पर लाने में समय लगेगा। समारोह के दौरान पूरे पंजाब से दलित समाज से जुड़े कांग्रेसी नेता पहुंचे थे। सम्मेलन मंगलवार को संपन्न होगा।