चौड़ा बाजार स्थित लुधियाना की सबसे बड़ी होलसेल रेडीमेड मार्केट के तौर पर विख्यात अकाल मार्केट ट्रस्ट और दुकानदारों के बीच पिछले लंबे से चल रहा विवाद मंगलवार को फिर गरमा गया। अकाल मार्केट स्थित ट्रस्ट कार्यालय पर लगे ट्रस्ट के तालों के ऊपर ही दुकानदारों ने अपने ताले जड़ दिए।
अकाल मार्केट के दुकानदार लंबे समय से ट्रस्ट सदस्यों पर घपलेबाजी और मार्केट के साथ लगते हिस्से में नई अकाल मार्केट के नाम पर किए जा रहे अवैध निर्माण का विरोध करके मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। कुछ माह पूर्व दुकानदारों की तरफ से ट्रस्ट पर लगाए घपलों के बाद ट्रस्ट पर काबिज लोगों ने पूर्व प्रधान स्वर्ण सिंह की तबीयत खराब का हवाला देकर ट्रस्ट अध्यक्ष को बदल दिया था।
मंगलवार को अकाल मार्केट के ट्रस्टी अमरीक सिंह सच्चर, कुलवंत सिंह भामी और मार्केट के मैनेजर तजिंदर सिंह ने दुकानदारों के विरोध के चलते ट्रस्ट कार्यलय को ताला लगा दिया। इस पर अकाल मार्केट के दुकानदारों गुरदीप सिंह गोशा, बलविंदर सिंह भुल्लर, अरविंदर सिंह टोनी, जसपाल सिंह शहजादा, दविंदर सिंह ज्योति, मनप्रीत सिंह बंटी, खुशजीत सिंह, जसविंदर सिंह मिंटा, हरजिंदर सिंह, जतिंदरपाल सिंह पाली, मनिंदरपाल मिड्डा, गुरिंदर सिंह एमपी, जसबीर सिंह ज्योति, अरविंदर सिंह, अमरीक सिंह, प्रविंदर सिंह बग्गा और अवतार सिंह लवली ने कार्यालय पर लगाए तालों पर अपने ताले जड़ दिए।
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट पर काबिज लोग करोड़ों रुपये का गबन कर चुके है। मार्केट के पास राजू गेस्ट वाली जमीन पर अवैध निर्माण हो रहा है। कुछ दुकानदारों ने आरोप लगाया कि ट्रस्टी अपनी तिजोरियां भरने में मगन है, दूसरी तरफ सालों पहले बनी अकाली मार्केट की खस्ता हालत होने के चलते किसी हादसे की आशंका बनी हुई है।