संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। सनातन सेवा समिति मालवा जोन ने कांग्रेस सांसद धर्मवीर गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। समिति ने उन पर सनातन धर्म और करोड़ों सनातन धर्म प्रेमियों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है। संगठन महासचिव वरुण मेहता ने पुलिस कमिश्नर (सीपी) स्वप्न शर्मा को लिखित शिकायत दी। समिति ने मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मेहता ने आरोप लगाया कि गांधी ने पंजाब सरकार के धार्मिक कार्यक्रमों पर टिप्पणी की है। इनमें श्री हनुमान चालीसा, एक शाम शिव के नाम और रामायण मंचन जैसे आयोजन शामिल हैं। समिति का कहना है कि इन टिप्पणियों से सनातन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समिति ने गांधी के रुख के खिलाफ प्रदेशभर में कांग्रेस का विरोध करने की चेतावनी दी है। मेहता ने कहा कि पंजाब में सनातन समाज के धार्मिक मुद्दों पर अपेक्षित काम नहीं हुआ। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व शासनकाल पर भी निशाना साधा। समिति ने पंजाब सरकार से शिकायत पर कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की है। मेहता ने सनातन समाज से कांग्रेस की हिंदू विरोधी सोच के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।