सुखबीर ने कहा कि वह खुद इस बिल को लेकर कई किसान जत्थेबंदियों से मिले। उनकी मांगें केंद्र सरकार के पास रखी और उनकी एक नहीं मानी गई। जब बिल पेश किया गया तो लोकसभा में इसका विरोध करने वाले वह और उनकी धर्मपत्नी सांसद हरसिमरत कौर बादल थीं। जबकि एक तरफ भाजपा के साढ़े तीन सौ सांसद थे।
उन्होंने कहा कि जब इस बिल के खिलाफ वोटिंग हुई तो उन्होंने वोटिंग की लेकिन लुधियाना से सांसद रवनीत सिंह बिट्टू जो संसद में तरह तरह के भाषण दे रहे थे, वह वोटिंग के समय वहां से वॉकआउट कर गए। जबकि आम आदमी पार्टी के प्रधान और संगरूर से सांसद भगवंत मान भी बिल के खिलाफ वोटिंग करने के बजाय वॉकआउट कर गए। किसानों के हक की बात करने वाले उस समय किसानों के हक में नहीं आए।
राहुल गांधी को 'पप्पू' कह किया सुखबीर ने संबोधित
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को 'पप्पू' कहकर संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व प्रधान राहुल गांधी ने भी चुनावी घोषणा पत्र में इस बिल को लाने की बात की थी और अब जब बिल के खिलाफ किसान धरने दे रहे हैं तो कांग्रेस उनके साथ खड़े होने का ढोंग कर रही है। उन्होंने कहा कि एक अक्तूबर से अकाली दल किसानों के हक में आंदोलन शुरू करने जा रहा है।