गांव फुल्लावाल स्थित मोहल्ला आनंद विहार निवासी अजमेर सिंह की हत्या कमेटी और ब्याज के पैसे लेने देने के चक्कर में उसी के साथी भामियां कलां निवासी अजय कुमार ने की थी। हत्या करने से पहले अजय और अजमेर सिंह ने इकट्ठे बैठ कर शराब भी पी थी।
इसी दौरान अजय ने उसकी हत्या कर दी और उसकी एक्टिवा कुछ दूरी पर खड़ी कर हथियार और पर्स मिट्टी में दबाकर फरार हो गया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी अजय कुमार को वीरवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को शुक्रवार अदालत में पेश करेगी। आरोपी मूल रुप से उत्तरप्रदेश के जिला गोंडा स्थित गांव मुदईपुर का रहने वाला है।
एडीसीपी क्राइम मंजीत सिंह ढेसी ने कहा कि अजमेर सिंह चीमा चौक के पास स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। वहीं पर काम करने वाले अजय कुमार के साथ उसका कमेटी के 11 हजार और 25 हजार रुपये ब्याज के पैसे का लेन-देन था। अजय कुमार उक्त पैसे देना नहीं चाहता था, लेकिन अजमेर उससे पैसे मांग कर रहा था। पैसे न देने पड़े, इसके लिए अजय ने उसकी हत्या करने की ठान ली।
वारदात के दिन अजय और अजमेर अपने-अपने वाहनों पर निकले। अजय ने बस स्टैंड पर अपना बाइक खड़ी की और अजमेर के साथ उसकी एक्टिवा पर डुगरी रोड पर अहाते में पहुंचा, जहां दोनों ने शराब पी। शराब पीने के बाद दोनों वहां से निकले तो रास्ते में अजय ने मौका देकर खाली प्लाट के पास अजमेर पर हथौड़े से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। एक्टिवा को उसने रास्ते में खड़ा कर दिया और हथौड़ा व अजमेर का पर्स मिट्टी में दबा कर फरार हो गया।
जब जांच के दौरान पुलिस को अजमेर की कमेटियों की बात पता चली तो पुलिस को क्लू मिला। इस पर पुलिस ने अजय को इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया। एडीसीपी क्राइम मंजीत सिंह ढेसी ने कहा कि आरोपी मूल रुप से उत्तरप्रदेश के जिला गोंडा स्थित गांव मुदईपुर का रहने वाला है। आरोपी को पुलिस शुक्रवार को अदालत में पेश करेगी।