लुधियाना। स्पेयर पार्ट्स की फैक्टरी में निगरानी के लिए रखा चौकीदार ही चोर निकला। आरोपी इतना शातिर था कि फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम देता था और जब बाहर आ जाता था तो कैमरे फिर से चालू कर देता था।
आरोपी उस समय मालिकों के हत्थे चढ़ गया जब फैक्टरी के अंदर एक सीसीटीवी कैमरा बंद नहीं हुआ और उसकी वारदात इसमें कैद हो गई। फैक्टरी के मालिकों ने इसकी जानकारी थाना कूमकलां की पुलिस को दी। पुलिस ने सिविल लाइंस रोज गार्डन के पास टैगोर नगर निवासी युवराज कौशल की शिकायत पर गांव लक्खोवाल निवासी बलबीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि आरोपी अभी तक पांच लाख रुपये के पार्ट्स बेच चुका है।
फैक्टरी मालिक युवराज कौशल ने बताया कि राइयां भागपुर रोड पर उनकी ज्योति ऑटो इंडिया नाम से फैक्टरी है, जिसमें बाइक और थ्री-व्हीलर के पार्ट्स बनते हैं। आरोपी बलबीर सिंह उनके पास डेढ़ साल से चौकीदार था। रात के समय ड्यूटी के दौरान वह सीसीटीवी कैमरे बंद कर ऑटो पार्ट्स चोरी कर लेता था। सुबह छुट्टी के बाद उसे ले जाकर आगे किसी को बेच दिया करता था। दो दिन पहले की सीसीटीवी फुटेज देखने पर आरोपी चोरी करता हुआ दिखाई दिया, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई है।