मुक्तसर में श्री राम दशहरा कमेटी की तरफ से बदी पर नेकी की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विशालकाय रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले तथा लंका धू-धू कर जल उठी।
पुतलों को अग्नि भेंट करने की रस्म श्री राम दशहरा कमेटी के सरपरस्त कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी ने अदा की। इससे पूर्व आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में पंजाबी गायक कलाकारों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
डेरा भाई मस्तान सिंह स्कूल के स्टेडियम में आयोजित इस विशाल समागम से पहले दोपहर को शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा शहर के विभिन्नन बाजारों से होती हुई स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। स्टेडियम में कलाकारों की तरफ से रामलीला के कुछ अहम दृश्यों का मंचन किया गया।
इसके बाद पंजाबी लोक गायक सुरजीत भुल्लर और गायिका अमन संधू ने अपनी गायकी से दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। वहीं मंच संचालन करते हुए सतिंदर सत्ती ने शायरी से दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खिंचा। कामेडियन अतरो और जसमीत विक्की ने अपने टोटकों से दर्शकों को हंसा-हंसाकर लोटपोट किया।
श्री राम दशहरा कमेटी के सरपरस्त कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी ने मेहमानों का स्वागत करते हुए शहर वासियों का सहयोग देने के लिए धन्यवाद किया। अध्यक्ष मास्टर रिखी राम ने भी लोगों के सहयोग पर खुशी जाहिर की।
उधर, मलोट में द सिटी वेलफेयर एंड कल्चरल क्लब की ओर से पुडा कालोनी में दशहरा पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने रिमोट कंट्रोल का बटन दबाकर रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों को अग्निभेंट किया।
समारोह में बालीवुड तथा पालीवुड फिल्म अभिनेता आर्य बब्बर, गुग्गू गिल, अरुण बख्शी के अलावा अलफाज, बलराज सियाल, भिंदा औजला, बॉबी लायल, अमृतपाल छोटू, हरदीप माहल, मंगी माहल, रीतू राज, सुनील पुरी, एंकर प्रीतमा मनोहर आदि कलाकारों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया।
क्लब के अध्यक्ष दिनेश गर्ग, प्रवीन जैन, लखविंदर संधू, कुलविंदर पूनिया, पम्मा बराड़, पवन बिल्लू शर्मा, मनमोहन मक्कड़ और गुरमिंदरपाल सिंह गिंदी आदि पदाधिकारियों के अलावा विधायक हरप्रीत सिंह व गुरतेज सिंह घुड़ियाना, सांसद शेर सिंह घुबाया, एसजीपीसी सदस्य दयाल सिंह कोलियांवाली, सतिंदर मंटा, तेजिंदर, बलकरन सिंह और गुरचरन सिंह आदि भी मौजूद थे।