रेलवे विभाग की तरफ से खस्ता हाल करार दिए जा चुके जगरांव पुल को जिला पुलिस की तरफ से रविवार को दो घंटे के लिए ट्रायल बेस पर बंद किया गया। जगरांव पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। सोमवार शाम से वाहनों की आवाजाही पूर्ण रुप से बंद हो सकती है। पुल पर से सिर्फ दो पहिया वाहन ही गुजर सकेंगे। ट्रायल के दौरान भी दो पहिया वाहनों को ही गुजरने की इजाजत दी गई।
दो घंटे के बंद के दौरान जिला पुलिस ने देखा कि अगर जगरांव पुल को एक दम से बंद कर दिया जाए तो रेलवे स्टेशन रोड की तरफ कितना जाम लगता है। जगरांव पुल पर से ट्रैफिक रोकने और लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए पुलिस की तरफ से अलग अलग जगहों पर बीस डायवर्जन तैयार किए गए हैं और बोर्ड लगाए गए हैं।
ट्रैफिक जोन वन के इंचार्ज परमजीत सिंह ने कहा कि रविवार को दो घंटे का ट्रायल किया गया था। अब सोमवार को पुल पर से वाहनों चालकों को गुजरने के लिए पूर्ण रुप से पाबंदी लगा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि फिरोजपुर रोड पर जाने वाले लोगों को अवेयर करने के लिए रविवार को पुलिस की तरफ से साहनेवाल, दोराहा, लाडोवाल, जालंधर बाईपास, सलेम टाबरी, मिल्लरगंज चौक, चीमा चौक और शेरपुर के अलावा कई जगह बोर्ड लगाए गए हैं।
पुलिस का डायवर्जन प्लान
दिल्ली रोड से फिरोजपुर रोड की जाने वाली ट्रैफिक को कोहाड़ा, साहनेवाल, दोराहा से फिरोजपुर रोड की तरफ जाना होगा। इसके अलावा समराला चौक की तरफ से फिरोजपुर रोड जाने वाले लोगों को ढोलेवाल चौक से बस स्टैंड रोड की तरफ जाना होगा। जालंधर की तरफ से आने वाले लोगों को लाडोवाल रोड से हंबड़ा रोड या जालंधर बाइपास से ओल्ड जीटी रोड होते हुए दामोरिया पुल और लक्कड़ पुल आरओबी से जाना होगा।
छुट्टी की वजह से रहा ट्रैफिक कम
ट्रैफिक पुलिस की तरफ से रविवार को जगरांव पुल को बंद करने का दो घंटे ट्रायल किया गया। रविवार को एक तो पेट्रोल पंपों की हड़ताल थी और रविवार की छुट्टी थी। इस वजह से जाम भी नहीं लगा और लोगों को परेशानी कम हुई। सोमवार को पुलिस की तरफ से पूर्ण रुप से बंद किए जाने के बाद ही पता चल सकेगा कि पुल बंद होने से महानगर में ट्रैफिक जाम कितना लगता है।