जगरांव। पिछले 25 दिनों से अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे सफाई सेवकों को पंजाब सरकार द्वारा बड़ा झटका देते हुए नो वर्क नो पे के लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि 2014 में पंजाब सरकार द्वारा एक लिखित आदेश जारी किया गया था। जिसमें पिछले समय के दौरान हड़ताल पर गए कर्मचारियों से ओवरटाइम कार्य करवा कर हड़ताल के समय दौरान की गई छुट्टियों की भरपाई करवाई जाए और आने वाले समय दौरान किसी भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा हड़ताल की जाती है तो हड़ताल के समय के दौरान काम ना करने की सूरत में गैर हाजिरी लगा कर नो वर्क नो पे का फैसला लागू किया जाए।
इस संबंधी नगर परिषद के ईओ अमरिंदर सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि 2014 में भी पंजाब सरकार द्वारा नो वर्क नो पे का फैसला लागू किया गया था। उसी आधार पर पंजाब सरकार द्वारा जारी आदेश उनके पास आया हैं। जिसके अनुसार हड़ताल पर बैठे सफाई सेवकों की गैर हाजिरी लगाई जा रही है। सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार हड़ताली दिनों का वेतन भी जारी नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हड़ताल खत्म होने के बाद पंजाब सरकार द्वारा जो भी फैसला इस संबंधी जारी किए जाएंगे, उन्हीं आदेशों को अमल में लाया जाएगा।