परिवार की शिकायत पर 25 वर्षीय युवती के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस तलाश में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। बस्ती जोधेवाल इलाके में 15 वर्षीय दसवीं की छात्रा ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार ने एक युवती पर छात्रा को समलैंगिक विवाह के लिए दबाव डालने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपी युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 31 अक्तूबर की शाम की है। छात्रा के पिता ने शिकायत में बताया कि शाम करीब पांच बजे उनकी बेटी कमरे में थी। दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। अंदर देखने पर छात्रा फंदे से लटकी मिली।
पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की करीब पांच-छह महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिये 25 वर्षीय युवती से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवती छात्रा पर समलैंगिक विवाह के लिए दबाव डाल रही थी। छात्रा के इन्कार करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। परिवार ने इसी दबाव को घटना की वजह बताया है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर टिब्बा रोड के गोपाल नगर निवासी ईशू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उपनिरीक्षक सुखविंदर सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।