प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोरी गेट के पास यह घटना हुई। पहले दोनों पक्ष अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में नारे लगा रहे थे, लेकिन कुछ ही देर बाद विवाद बढ़ गया।
नगर परिषद चुनाव प्रचार के अंतिम दिन वॉर्ड नंबर 13 में उस समय माहौल तनावपूर्ण बन गया जब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता रोड शो के दौरान आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान पीछे से किसी ने अचानक ईंट फेंकी और दोनों ओर से हिंसक झड़प शुरू हो गई।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोरी गेट के पास यह घटना हुई। पहले दोनों पक्ष अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में नारे लगा रहे थे, लेकिन कुछ ही देर बाद विवाद बढ़ गया और दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुए हंगामे से इलाके में भगदड़ मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। इस झड़प में दोनों पक्षों से कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और इलाके में तनाव को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक वॉर्ड नंबर 13 से कांग्रेस उम्मीदवार अनीता रानी के मुकाबले में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार सुनैना मल्होत्रा चुनावी मैदान में हैं। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दोनों उम्मीदवार अपने-अपने समर्थकों के साथ रोड शो निकाल रहे थे। इसी दौरान मोरी गेट के पास दोनों पक्षों का आमना-सामना हो गया और माहौल हिंसक हो गया।
घटना के बाद दोनों पार्टियों के नेता और समर्थक एक-दूसरे पर माहौल खराब करने और पहले हमला करने के आरोप लगा रहे हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।