स्कॉर्पियो पर जाली नंबर प्लेट लगाकर शराब तस्करी करने वाले गिरोह पर सीआईए स्टाफ की पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 20 पेटियां शराब बरामद की हैं। पुलिस ने शराब से भरी स्कॉर्पियो सहित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका दूसरा साथी फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी चंडीगढ़ और लुधियाना की तरफ से शराब लाकर जगरांव में सप्लाई करते थे। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी शराब तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं।
सीआईए स्टाफ के एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ कच्चा मलक रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि दीपांकर बांसल उर्फ दीपक बांसल निवासी शास्त्री नगर, जगरांव और पारस उर्फ मनीष निवासी अगवाड़ गुजरा, जगरांव शराब तस्करी का धंधा करते हैं। दोनों चंडीगढ़ और लुधियाना की तरफ से शराब लाकर शहर में सप्लाई करते हैं।
सूचना के मुताबिक, दोनों आरोपी स्कॉर्पियो पर जाली नंबर प्लेट लगाकर शराब लेकर लुधियाना की तरफ से जगराओं आ रहे थे और अलीगढ़ के नजदीक कोठे खूजरा वाले रास्ते से शहर में दाखिल होने वाले थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए श्मशानघाट के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया।
गाड़ी के कागज नहीं दिखा सका चालक, तलाशी में मिली शराब
पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो पर पीबी-33-डी-0123 नंबर लिखा हुआ था। पुलिस ने चालक से गाड़ी के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से रॉयल स्टैग एक्सक्विजिट व्हिस्की की 16 पेटियां और देसी शराब की चार पेटियां बरामद हुईं। कुल 20 पेटियां शराब मिलने के बाद पुलिस ने गाड़ी चला रहे दीपांकर बांसल उर्फ दीपक बांसल को गिरफ्तार कर लिया।
एक आरोपी शराब लाता था, दूसरा शहर में करता था सप्लाई
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह बाहर से शराब लाकर जगराओं पहुंचाता था, जबकि उसका साथी पारस उर्फ मनीष शहर में शराब की सप्लाई करता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी जगराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी के अनुसार, दीपांकर बांसल के खिलाफ पहले भी शराब तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। दूसरा आरोपी मनीष फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।