संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी में 18 सितंबर को पशुपालन मेले के पहले दिन तीन किसानों को मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इन्हें पशुधन क्षेत्र में नवाचार और बेहतर तकनीक अपनाने के लिए यह सम्मान मिला। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने स्वयं पशुपालकों को पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। विश्वविद्यालय के निदेशक विस्तार शिक्षा रविंदर सिंह ग्रेवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय पशुधन क्षेत्र के विकास के लिए विस्तार कार्यक्रम मजबूत कर रहा है। श्री मुक्तसर साहिब के बलविंदर सिंह को इनोवेटिव कैटल फार्मर श्रेणी में 21 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। उनके फार्म में करीब 90 पशु हैं और प्रतिदिन 12 क्विंटल दूध का उत्पादन होता है। संगरूर के राजेश गर्ग को इनोवेटिव पोल्ट्री फार्मर श्रेणी में 11 हजार रुपये दिए गए। उनका पोल्ट्री फार्म 15 एकड़ में फैला है जिसमें 4.50 लाख लेयर मुर्गियां हैं। तरनतारन के जरनैल सिंह को पशुधन उत्पादों में वैल्यू एडिशन श्रेणी में 11 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। वह प्रतिदिन 50 हजार लीटर दूध की प्रोसेसिंग सुविधा संचालित करते हैं। समारोह में प्रगतिशील किसान मंदीप सिंह खटड़ा को पशुधन क्षेत्र में विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। होशियारपुर की उन्नति कोऑपरेटिव से जुड़े ज्योति सरूप को भी सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री पुरस्कार के तहत विजेताओं को प्रशस्ति पट्टिका, शॉल और प्रशस्ति पत्र के साथ नकद पुरस्कार दिया जाता है। कैटल फार्मर श्रेणी में 21 हजार रुपये और अन्य दो श्रेणियों में 11-11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।