गुरु नानक स्टेडियम में रविवार को 65वें गणतंत्र दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने तिरंगा फहराया।
इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार को भारतीय संविधान में उस संघवाद की भावना को सही ढंग से लागू करने के लिए संविधान को संशोधित करने का आग्रह किया है, जिसकी परिकल्पना संविधान के निर्माता बाबा साहिब डॉ. भीम राव अंबेडकर ने की थी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि समय बीतने के साथ केंद्र सरकारों ने राज्य के वह सभी अधिकार छीन लिए, जो भारतीय संविधान में दिए गए थे, जैसे कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा। आज संविधान संघवाद की मूल भावना से परे एकाधिकार की ओर बढ़ रहा है।
सीएम ने कृषि के मामलों में राज्य सरकारों की दयनीय स्थिति का वर्णन करते हुए कहा कि राज्यों के पास तो कृषि अधिकारियों के यहां से वहां तबादले करने का ही अधिकार है, जबकि उपज और लागतों का मूल्य निश्चित करना और किसानों की बेहतरी के लिए सकारात्मक निर्णय लेने के अधिकार केंद्र सरकार ने अपने पास रखे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र द्वारा जानबूझ कर भारतीय संविधान की भावना से खिलवाड़ करके राज्यों को कमजोर किया जा रहा है। पाकिस्तान के साथ लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा लगती होने के बावजूद पंजाब में अमन शांति के लिए उन्होंने पंजाब वासियों द्वारा निभाई जा रही भूमिका की प्रशंसा की। केन्द्र सरकार द्वारा पंजाब को उसके अधिकारों से वंचित रखने पर बादल ने कहा कि पड़ोसी राज्यों को विशेष औद्योगिक पैकेज 2017 तक बढ़ाकर पंजाब को एक बार फिर उसके अधिकारों से वंचित रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वह दूसरे राज्यों को राहत देने के विरुद्ध नहीं हैं, लेकिन अहमियत के अनुसार पंजाब का औद्योगिक पैकेज के लिए दूसरे राज्यों से पहले अधिकार बनता था। सरकार के यत्नों से प्रसिद्ध औद्योगिक घरानों ने पंजाब में निवेश के लिए शुरुआत की थी लेकिन केन्द्र के इस निर्णय का पंजाब में निवेश पर बुरा असर पडे़गा।
उन्होंने कहा कि केंद्र औद्योगिक पैकेज संबंधी निर्णय पर फिर से विचार करे। राज्य के सभी वर्गों के कल्याण के लिए वचनबद्धता को दोहराते हुए बादल ने कहा कि आटा दाल स्कीम के तहत 16 लाख परिवारों की जगह अब एक रुपये किलो आटा 32 लाख परिवारों को दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त माई भागो विद्या स्कीम, भगत पूर्ण सिंह स्वास्थ्य बीमा योजना, डॉ. हरगोबिंद खुराना छात्रवृत्ति योजना आदि भी शुरू की गई हैं।
इससे पहले सीएम ने पंजाब पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी के मार्च पास्ट से सलामी ली। परेड का नेतृत्व डीएसपी अमनदीप सिंह और जसबीर सिंह ने किया मुख्यमंत्री द्वारा अंगहीनों को ट्राईसाइकिल बांटने के अतिरिक्त जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें भी बांटी गईं।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में बहुमूल्य योगदान डालने वाली शख्सियतों का मुख्यमंत्री द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार हरचरण सिंह बैंस, महेश इंद्र सिंह ग्रेवाल, जिला योजना कमेटी के चेयरमैन हीरा सिंह गाबड़िया और मुख्यमंत्री के विशेष प्रमुख सचिव गुरकीरत कृपाल सिंह उपस्थित थे।