आरोपी साबा और जोत को पुलिस ने अदालत में पेश कर भेजा जेल, फरार आरोपी लाडी का अभी तक सुराग नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। शिवसेना नेता संदीप थापर गोरा पर हुए हमले की योजना बनाने वाले मास्टरमाइंड जसविंदर सिंह उर्फ सन्नी को कड़ी सुरक्षा में कमिश्नरेट पुलिस ने अदालत में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर दोबारा भेज दिया गया है। पुलिस ने सन्नी के साथी आरोपी साबा और जोत को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरा साथी लाडी अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। जिसकी तलाश में पुलिस दबिश देने में जुटी है।
सूत्रों की मानें तो पुलिस सन्नी को उसके घर भी लेकर जाएगी और उसके घर की तलाशी भी ली जाएगी ताकि कोई सुराग मिल सके कि वह किस के संपर्क में थे और किसके कहने पर आरोपियों ने योजना बना शिवसेना नेता पर हमला किया। थाना डिवीजन दो के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को आरोपी सन्नी के फोन से काफी सुराग मिले हैं जिसके बारे में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिवसेना नेता गोरा थापर को मिली अस्पताल से छुट्टी
डीएमसी अस्पताल में भर्ती शिवसेना नेता संदीप थापर गोरा को सात दिन बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। डाॅक्टरों की टीम ने पूरी जांच करने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने की बात कही। डाॅ. अनुभव शर्मा ने कहा कि संदीप थापर ने काफी हद तक रिकवरी कर ली है। उनका दो चरणों में ऑपरेशन किया गया है।