संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। माल विभाग में पटवारी की नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से पांच लाख रुपये ठग लिए गए। ठगी के आरोप में थाना नेहियांवाला पुलिस ने एएसआई दर्शन सिंह निवासी कोटकपुरा, पंजाब होमगार्ड के जवान विजय सिंह निवासी गोनियाना कलां और लक्खा राम निवासी एसएएस नगर के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता गुरसहिज सिंह ने उक्त मामले की शिकायत विजिलेंस के पास की थी। विजिलेंस ब्यूरो ने मामले की जांच करने कानूनी विशेषज्ञों से राय लेकर आगामी कार्रवाई के लिए मामला जिला पुलिस के पास भेजा था। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।
गुरसहिज सिंह ने शिकायत में बताया था कि उसने 2021 में पंजाब पुलिस के सब इंस्पेक्टर एवं माल विभाग में पटवारी की नौकरी के लिए फार्म भरे थे। उसके दोस्त सरबजीत सिंह ने उसे बताया कि उसके पिता विजय सिंह ने उसे नायब तहसीलदार की नौकरी दिलाने के लिए पंद्रह लाख रुपये आगे किसी को दिए हैं। उसके पिता तुम्हें भी नौकरी दिला देंगे। गुरसहिज के अनुसर जब वह पंजाब होमगार्ड के जवान विजय सिंह को अपने पिता के साथ गांव गोनियाना में मिला तो विजय सिंह ने बताया कि एएसआई दर्शन सिंह और लक्खा राम ही आगे नौकरी लगवाते हैं। अगस्त 2021 में लक्खा राम ने उसे फोन कर साढ़े तीन लाख रुपये अपने खाते में डलवाए। इसके बाद लक्खा राम ने एएसआई दर्शन सिंह और विजय सिंह के जरिये डेढ़ लाख रुपये ले लिए। तीनों आरोपियों ने उसे पटवारी की नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये ठगे हैं।
शिकायतकर्ता ने ठगी संबंधी शिकायत विजिलेंस ब्यूरो के पोर्टल पर की थी। विजिलेंस ब्यूरो टीम ने मामले की जांच की तो शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए गए।