सरहिंद/मंडी गोबिंदगढ़। सरहिंद नेशनल हाईवे भाखड़ा नहर पुल पर शनिवार शाम को अचानक एक कार में आग लग गई। चंद मिनटों में कार जलकर राख हो गई। दमकल जब तक पहुंचती कार जल चुकी थी। कार चालक गौरव खुराना ने बताया कि वह लुधियाना से पानीपत जा रहे थे। अचानक सरहिंद पुल पर पहुंचते ही कार से जलने की दुर्गंध आने लगी। वो फौरन कार से नीचे उतर गए। गौरव ने बताया कि वह पानीपत के कलंदर चौक के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार कार में आग लगने का कारण सीएनजी किट में तकनीकी खराबी बताया गया है।