पंजाब में बेकाबू हुए कोरोना और बढ़ रही मौतों के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह जिम्मेदार हैं। सोमवार को पार्टी नेता एवं विधायक बलजिंदर कौर के साथ प्रेस कान्फ्रेंस करते हुए आप सांसद भगवंत मान ने कैप्टन सरकार पर हमला बोला। मान ने कहा कि कांग्रेस के कुशासन और राजा के अहंकार की वजह से पंजाब में कोरोना भयंकर रूप ले चुका है। मान ने कहा कि हमारे लगातार दबाव के कारण महाराज नींद से अब थोड़ा जागे हैं। 5 माह के बाद अब सरकार को एकांतवास किए मरीजों के परिवारों के लिए रोटी और अपने पटियाला हलके का ख्याल आ गया। असली बात यह है कि फिक्र लोगों की नहीं अपनी तेजी के साथ खिसकती जा रही राजनीतिक जमीन की है। भगवंत मान ने कहा कि एक तरफ राजा साहब कोरोना जांच में ऑक्सीमीटर को अनावश्यक बता रहे हैं, दूसरी तरफ खुद 50 हजार ऑक्सीमीटर के आर्डर दे रहे हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन लोगों को स्पष्ट करें कि वह किस अहंकार में आम आदमी पार्टी को प्रदेश में लोगों की सहायता करने से रोक रहे हैं।