संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी गोबिंदगढ़। पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम के तहत जिला फतेहगढ़ साहिब पुलिस और नगर काउंसिल ने मंगलवार को संयुक्त कार्रवाई की। संत नगर स्थित ढेहा बस्ती क्षेत्र में नशा तस्कर की अवैध इमारत को गिरा दिया गया।
जिला पुलिस प्रमुख शुभम अग्रवाल ने बताया कि जिस व्यक्ति की इमारत गिराई गई है, उसके खिलाफ करीब सात मामले दर्ज हैं। इनमें से कई मामलों में उसे सजा भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस नशा तस्करों पर कार्रवाई के साथ-साथ नशे की लत का शिकार युवाओं को समाज की मुख्यधारा में लाने का भी प्रयास कर रही है। इसके लिए नशा मुक्ति केंद्रों में भेजने और उपचार करवाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर एसपी अमनदीप सिंह बराड़, डीएसपी अमलोह बिक्रमजीत सिंह घुम्मण और मंडी गोबिंदगढ़ नगर काउंसिल के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह प्रिंस सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।