लुधियाना के सोनू ने वियतनाम में हुई एशियन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ट्रिपल जंप में कांस्य पदक जीता।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स सेंटर लुधियाना के खिलाड़ी सोनू कुमार ने वियतनाम में हुई एशियन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ट्रिपल जंप में 15.99 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक जीता है।
प्रतियोगिता दो से छह जून तक करवाई गई। वियतनाम में आयोजित प्रतियोगिता में सोनू ने अंडर-20 में भाग लेकर ट्रिपल जंप में तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने इस साल मई में बंगलूरू में हुई नेशनल जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में ट्रिपल जंप में 15.83 मीटर की छलांग लगाकर सोने का पदक हासिल किया था।
इसी प्रतियोगिता में सोनू ने एशियन जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप और जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया था। अब सोनू का अगला लक्ष्य वर्ल्ड जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में सोना हासिल करना है।
सोनू के कोच एसएस पन्नू ने बताया कि सोनू ने एशियन जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया है। यह उनके लिए गर्व की बात है। सोनू तीन सालों से उनके पास ट्रेनिंग कर रहा है। सोनू राजस्थान का रहने वाला है। वह पीएसआएस के अंतर्गत ट्रेनिंग ले रहा है। पन्नू ने बताया कि उन्होंने पटियाला में नेशनल कैंप के दौरान सोनू को ट्रेनिंग दी थी। कैंप के बाद सोनू उनके साथ लुधियाना ट्रेनिंग के लिए आ गया। तभी से वह उसे ट्रेनिंग दे रहे हैं।