संगरूर। भवानीगढ़ में शुक्रवार को अग्रवाल धर्मशाला में पार्टी वर्करों के साथ बैठक करने पहुंचे भाजपा के प्रांतीय नेता दिनेश कुमार का भारतीय किसान यूनियन उगराहां की अगुवाई में घेराव कर नारेबाजी की गई। सूचना मिलते ही उनकी सुरक्षा के लिए बड़ी तादाद में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हालांकि, बाद में भाजपा के जिलाध्यक्ष रणदीप सिंह ने किसानों के सामने गलती स्वीकार की, जिसके बाद किसानों ने भाजपा नेता को जाने दिया।
जानकारी के मुताबिक भवानीगढ़ स्थित अग्रवाल धर्मशाला में भाजपा नेता दिनेश कुमार पार्टी वर्करों के साथ बैठक करने पहुंचे पहुंचे थे। महज पांच से सात मिनट उन्होंने वर्करों को संबोधित किया और जल्दबाजी जैसे ही वह वहां से निकलकर अपनी गाड़ी की तरफ बढे़ तो बड़ी तादाद में पहुंचे किसानों ने उन्हें घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों के आक्रोश को देखते हुए भाजपा नेता दिनेश कुमार को वापस धर्मशाला में जाना पड़ा और किसान धर्मशाला के बाहर धरने पर बैठ गए। इस मौके पर भाकियू उगराहां के ब्लाक अध्यक्ष अजैब सिंह लक्खेवाल और हरजिंदर सिंह घराचों ने कहा कि भाजपा नेता किसानों के जख्म पर नमक छिड़कने के लिए जानबूझकर पंजाब में बैठकें करने का ड्रामा कर रहे हैैं। भाजपा नेताओं को किसी भी कीमत पर ऐसी किसान विरोधी गतिविधियां नहीं करने दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता दिनेश कुमार किसान नेताओं से सरासर झूठ बोल रहे हैं कि वह भवानीगढ़ में किसी बीमार व्यक्ति का हालचाल पूछने आए थे।
किसान नेताओं ने सवाल किया कि अगर किसी बीमार का हालचाल पूछना था तो उनके घर या अस्पताल में जाना था, यहां धर्मशाला में क्या करने आए हैं। इसके बाद किसानों के धरने में आकर भाजपा के जिलाध्यक्ष रणदीप सिंह देओल ने गलती स्वीकारते हुए किसानों से कहा कि वह खुद किसान के बेटे हैं और हमेशा किसानों के हित में खड़े रहेंगे। इसके बाद किसानों ने भाजपा नेता को जाने दिया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने पत्रकारों से बातचीत से साफ इंकार कर दिया। इस पूरे मामले दौरान किसी अप्रिय घटना के मद्देनजर एसपी (डी) गुरप्रीत सिंह और डीएसपी भवानीगढ़ सुखराज सिंह घुमाण सहित भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहा।