पंजाब के लुधियाना के हलवारा में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई है। मरने वाले प्रवासी लोग हैं। हादसा हलवारा के लुधियाना- रायकोट शहीद करतार सिंह सराभा मार्ग पर ढैपई और अबोहर ब्रांच नहर पुल के बीच हुआ है। सड़क पर नील गाय के झुंड के साथ बाइक की टक्कर हो गई। मृतकों की पहचान अरमान और उसकी मां निशा रानी के तौर पर हुई है। वहीं अरमान की पत्नी रीना की हालत नाजुक बनी हुई है।
बाइक से पहले नील गाय के झुंड से दो कारों की भी टक्कर हुई है। दोनों कार में सवार लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। घायल रीना को सराभा से लुधियाना और वहां से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। बिहार का मजदूर परिवार पिछले लंबे समय से गांव लताला में मेहनत मजदूरी करते था। निशा रानी के पति सोनू कुमार ने बताया कि बेटा अरमान अपनी पत्नी रीना और मां निशा के साथ घरेलू कामकाज के लिए बाइक पर बाजार जा रहा था तभी यह हादसा हो गया।
चश्मदीदों ने बताया कि किसी किसान द्वारा नील गाय के झुंड को खेत से भगाने के लिए लाठी से उसका पीछा किया जा रहा था, बदहवास एक रोज तेज रफ्तार में बाइक से जा टकराया, बाइक से टकराने के बाद नील गाय ऑल्टो कार की विंडशील्ड तोड़ते हुए सडक पार करके खेतों की तरफ चली गई।
सराभा और आसपास के लोगों ने आरोप लगाया कि जानवर के झुंड इलाके में रह रहे हैं जो किसानों की मेहनत की फसल बर्बाद करने के साथ लोगों की जिंदगी के लिए खतरा बने रहते हैं। कई बार रोज से टक्कर के कारण दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं। पुलिस प्रशासन को इस बारे में कई बार अवगत करवाया गया है लेकिन कोई कुछ नहीं कर रहा। किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए इन्हें इधर से उधर भगाते हैं।
थाना जोधां के एएसआई जॉन मसीह ने बताया कि परिवार शवों का पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहता। लताला की सरपंच के पति जसविंदर सिंह भी पंचायत समेत सराभा अस्पताल पहुंचे और उन्होंने भी परिवार द्वारा पोस्टमार्टम के बगैर शव हवाले करने की बात कही है। जोधां पुलिस ने परिवार और पंचायत को हल्फिया ब्यान देने को कहा है। जॉन मसीह ने बताया कि उच्च अधिकारियों को परिवार और पंचायत की मांग से अवगत करवा दिया गया है।