सवा तीन क्विंटल भुक्की बरामद, फतेहगढ़ साहिब, रोपड़, मोहाली एरिया में करते थे सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहगढ़ साहिब। फतेहगढ़ साहिब की बस्सी पठाना पुलिस ने एक एंबुलेंस से 3.25 क्विंटल भुक्की सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान निवासी हैं। इनकी पहचान संदीप कुमार निवासी गांव बाजुआला जिला गंगानगर व सलमान खान निवासी जामसर जिला बीकानेर राजस्थान के तौर पर हुई है।
एसएसपी डाॅ. रवजोत कौर गरेवाल ने बताया कि बस्सी पठाना पुलिस के एसएचओ इंस्पेक्टर हरविन्द्र सिंह की अगुवाई में एएसआई परजिंद्र सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ गांव जलखेला खेड़ी के पास राजस्थान नंबर की एक सफेद रंग की एंबुलेंस, जिस पर पीली लाइट भी लगी थी, उसे रोक कर जांच की तो काले रंग के प्लास्टिक के थैलों में से 3.25 क्विंटल भुक्की बरामद की गई। उन्होंने बताया कि आरोपियों से की गई पूछताछ के दौरान पता चला कि वह यह सामान बीकानेर राजस्थान से लाकर फतेहगढ़ साहिब, रोपड़, मोहाली एरिया में सप्लाई करते थे और इसे लाने के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल करते थे, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि पता चल सके कि यह किन लोगों को सप्लाई करते थे।