‘खोदा पहाड़ निकली चुहिया’ की कहावत देर रात को जिला पुलिस के साथ सच हो गई। घुमारमंडी स्थित यूनियन बैंक में बुधवार देर रात सायरन बज गया। पुलिस को सूचना मिली तो तुरंत बैंक को घेर लिया गया। जब पुलिस अंदर पहुंची तो पता चला कि अंदर कोई भी नहीं था। जांच करवाई तो पता चला कि सायरन की तार को चूहे ने काट दिया था, जिस वजह से सायरन बजना शुरू हो गया।
घुमारमंडी स्थित कॉलेज रोड पर स्थित यूनियन बैंक का सायरन रात करीब नौ बजे बजने लगा। इस पर आस-पास के दुकानदार वहां इकट्ठा हो गए। उन्होंने तुरंत बैंक अधिकारियों और पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी। इसके बाद थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस मौके पर पहुंची। बैंक अधिकारी बीएस रल्हन ने बताया कि वह शाम को बैंक बंद कर चले गए थे। इसके बाद उन्हें रात को कॉल आई कि बैंक से सायरन बजने की आवाज आ रही है।
वह मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ अंदर जाकर चेक किया, लेकिन वहां ऐसा कुछ नहीं था। एक चूहे ने सायरन के आसपास लगी वायर काट दी थी, जिस कारण सायरन बजने लगा। थाना डिवीजन आठ के एसएचओ सब इंस्पेक्टर राजेश ठाकुर ने कहा कि तार चूहे ने काटे थे। जांच के बाद पुलिस वहां से चली गई।