स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के मुलाजिमों ने वीरवार को मिलर गंज में अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन किया। मुलाजिमों ने काले बिल्ले लगाकर नाराजगी जताई और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ पटियाला इंप्लाइज फेडरेशन के सचिव नरेश गौड़ ने साफ किया कि जब तक मुलाजिमों को उनके हक नहीं मिल जाते, संघर्ष जारी रहेगा।
गौड़ ने कहा कि पिछले कुछ समय से भारतीय स्टेट बैंक द्वारा यह निरंतर प्रयास किया जा रहा है कि सहयोगी बैंकों का भारतीय स्टेट बैंक में विलय कर लिया जाए। मुलाजिम संगठन इसका लगातार विरोध कर रहे हैं। गौड़ ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए जरूरत इसकी है कि इन बैंकों को एसबीआई से अलग करके इन्हें अपने आप प्रगति करने का अवसर देना चाहिए। एसबीआई ट्रेड यूनियन के प्रतिनिधित्व करने के अधिकारों को खत्म देना चाहती है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर यूनियन उपप्रधान एके छिब्बड़, उप प्रधान प्रवीण मोदगिल, जगन्नाथ मखीजा और नरकेसर राय मौजूद रहे।