डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान की घटना के विरोध में लुधियाना में दलित समाज का बंद शुरू हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने जालंधर बाईपास चौक पर दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।
अमृतसर और जालंधर की तरफ से लुधियाना होते हुए पटियाला, अंबाला, करनाल, पानीपत और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा असर झेलना पड़ रहा है। हाईवे की लेन बंद होने के बाद वाहनों की रफ्तार थमने लगी और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
प्रदर्शनकारियों ने पहले सर्विस लेन में धरना दिया, लेकिन कुछ देर बाद वे मुख्य हाईवे पर भी पहुंच गए। जालंधर और लुधियाना के बीच दोनों दिशाओं में जाने वाले यातायात की लेन प्रभावित होने से हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने बंद और प्रदर्शन को देखते हुए कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है।
दरअसल, मंगलवार को कुछ शरारती तत्वों द्वारा डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी की घटना सामने आई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी और रात करीब साढ़े तीन घंटे तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। हालांकि, अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से दलित समाज में रोष है।
दूध से किया प्रतिमा का अभिषेक
बुधवार सुबह प्रदर्शनकारियों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का दूध से अभिषेक कर घटना पर रोष जताया। समाज के नेताओं ने कहा कि प्रतिमा के अपमान की घटना को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उनका कहना है कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
बंद का नेतृत्व कर रहे दलित नेता और भाजपा के पूर्व पार्षद चौधरी यशपाल ने कहा कि लुधियाना में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बंद का आह्वान किया गया है। उन्होंने दुकानदारों और उद्योगपतियों से बंद को समर्थन देने की अपील की। साथ ही युवाओं से आग्रह किया कि प्रदर्शन के दौरान जरूरी सेवाओं और आम लोगों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा पैदा न की जाए।
प्रतिमा की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि पर्याप्त निगरानी व्यवस्था होने से भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है।
सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की तलाश
डीसीपी आलम विजय सिंह ने बताया कि घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कर पुलिस की अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया गया है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि बंद के मद्देनजर शहर में ट्रैफिक के रूट भी डायवर्ट किए गए हैं।