मुक्तसर में मंगलवार सुबह करीब तीन बजे लुटेरे कोटकपूरा रोड पर पंजाब एंड सिंध बैंक की एटीएम मशीन को उठाकर ले गए। मशीन में करीब पौने 5 लाख रुपये होने का अनुमान है।
बैंक की बरीवाला शाखा के मैनेजर सतपाल सिंह कोमल जब सुबह सैर को निकले तो उन्होंने एटीएम मशीन के शीशे टूटे हुए देखे।
सूचना मिलने पर एसपी (डी) गुरिंदरजीत सिंह, डीएसपी केएस चहल तथा थाना सदर प्रभारी इकबाल सिंह मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने एटीएम के भीतर फिंगर प्रिंट लिए।
गांव झोरड़ निवासी हरभगवान ने बताया कि सुबह करीब 3 बजे वह अपने ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार होकर यहां से गुजरा था। इस दौरान उसने देखा था कि कुछ लोग जेसीबी मशीन के जरिए एटीएम मशीन को उठाकर में ट्रैक्टर-ट्राली में रख रहे हैं।
उसने सोचा बैंक का काम चल रहा है। एसपीडी गुरिंदरजीत सिंह ने बताया कि जल्द इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।
बैंक के स्थानीय शाखा मैनेजर सुखदेव लाल के अनुसार सोमवार दोपहर को मशीन में करीब साढ़े 5 लाख रुपये का कैश डाला था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि लूट के दौरान मशीन में पौने पांच लाख रुपये होंगे।
उधर, एसएसपी सुरजीत सिंह का कहना है कि डीसी द्वारा जिले के समस्त बैंक अधिकारियों के साथ होने वाली मासिक बैठक के दौरान एक बार फिर एटीएम में सिक्योरिटी गार्ड रखने की हिदायत दी जाएगी।