लुधियाना चंडीगढ़ हाइवे पर मंगलवार देर रात चोर गिरोह के सदस्यों ने एटीएम मशीन से करीब 2.83 लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए।
हैरानी की बात है कि वारदात के समय एटीएम की सुरक्षा के लिए वहां सिक्योरिटी गार्ड तैनात था और मशीन के पीछे बने केबिन में सोया हुआ था।
जब तक गार्ड को कुछ पता चलता, तब तक चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।
इसकी शिकायत तुरंत गार्ड गुरमीत सिंह ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना समराला की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसएचओ सुरजीत सिंह ने कहा कि हाइवे पर स्थित गिल रेस्तरां के साथ एचडीएफसी बैंक का एटीएम लगा हुआ है। गुरमीत सिंह वहां पर बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात है। देर रात को वह एटीएम के पीछे बने केबिन में जाकर सो गया।
इसी दौरान चोर गिरोह के सदस्यों ने एटीएम को नीचे से खोल कर अंदर रखी 2.83 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। गुरमीत सिंह जब उठा, तो मशीन खुली देख उसने तुरंत इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह ने कहा कि एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में ले ली गई है। पुलिस जांच करने में जुटी है और जल्द ही चोर गिरोह के सदस्यों का पता चल जाएगा।