- अस्पताल के ही मेडिकल संचालक ने दिया था वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। मदान अस्पताल के मालिक के घर से साढ़े चार सौ ग्राम से अधिक सोने के गहने एवं नौ लाख रुपये चुराने वाले मनोज कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक सप्ताह से पुलिस चोरी की घटना को ट्रेस करने में लगी हुई थी।
सोमवार को एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने बताया कि डाॅ. राज कुमार का की रिहाइश अस्पताल के ऊपर ही थी। 15 जुलाई को डाॅक्टर के घर में लाॅकर से साढ़े चार सौ ग्राम से अधिक सोने के गहने एवं 9 लाख रुपये चोरी होने संबंधी 17 जुलाई को पुलिस के पास शिकायत आई थी। इसके बाद पुलिस की सीआईए टीम ने जांच शुरू कर दी।
एसएसपी ने बताया कि जब पुलिस टीम ने अस्पताल के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, तो चाेरी वाले दिन सुबह ही अस्पताल व घर के कैमरे बंद कर दिए गए थे। वहीं घर में पड़े लाॅकर को तोड़ने के बजाय चाबी लगाकर खोला जाने के बाद पुलिस का शक अस्पताल में काम करने वाले स्टाफ पर था। जब पुलिस ने अस्पताल में मेडिकल चलाने वाले मनोज कुमार से पूछताछ की तो वह कई सवालों के सही जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी के घर से चोरी किए गए गहने के अलावा नकदी बरामद कर ली गई है। आरोपी ने चोरी की घटना को उस समय अंजाम दिया जब डाॅक्टर 14 जुलाई को अपने बेटे राहुल मदान, बहू डाॅ. पारूल, पत्नी डाॅ. उषा के साथ गाजियाबाद गए हुए थे। 17 जुलाई को जब वह घर पहुंचे, तो देखा कि ऊपर वाली मंजिल के गेट की चटकनी टूटी हुई थी। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और लाॅकर खुला पड़ा था। एसएसपी गुलनीत ने बताया कि आरोपी 12 वर्ष से उक्त अस्पताल में मेडिकल का संचालन कर रहा है।