आगे भी ऐसी ड्राइव चलती रहेगी : डीसीपी मीणा
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। कमिश्नरेट पुलिस ने छात्राओं की सुरक्षा के लिए खालसा कॉलेज फॉर वुमन और गुरु नानक देव इंजीनियरिंग कॉलेज के बाहर विशेष एंटी-ईव-टीजिंग अभियान चलाया।
पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा के निर्देश पर यह अभियान चला। डीसीपी अरविंद मीणा और डीसीपी परमजीत सिंह पन्नू सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस टीमों ने कॉलेज परिसर में गश्त की। संदिग्ध युवकों से पूछताछ कर उन्हें सख्त चेतावनी दी गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसते हुए 73 चालान काटे गए। इनमें 43 बिना हेलमेट, 15 ट्रिपल राइडिंग, 7 साइलेंसर मॉडिफाई और 8 अन्य अवैध संशोधनों के थे। कमिश्नरेट पुलिस ने छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता न करने की बात कही। ऐसे अचानक जांच अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। नागरिकों से संदिग्ध गतिविधि की सूचना हेल्पलाइन नंबरों पर देने की अपील की गई।