पत्नी के साथ झगड़ा, व्यक्ति ने खुद को तेजधार हथियार से काटा साहनेवाल पुलिस ने 174 के तहत कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। घरेलू बातों को लेकर पत्नी के साथ हुई कहासुनी से गुस्साए ग्यासपुरा इलाके में रहने वाले गिरजोधन ने रविवार की रात को खुद के चाकू मार कर आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने खुद के माथे और सीने पर चाकू मार लिया। मगर सवाल यह खड़ा होता है कि एक व्यक्ति खुद को दो से तीन जगह पर चाकू कैसे मार सकता है।
घटना का पता चलते ही इलाके में शोर मच गया और थाना साहनेवाल की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक अभी तक की जांच में पता चला है कि गिरजोधन ने पत्नी से तंग आकर आत्महत्या की है। बाकी पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ पता चल सकेगा।
थाना साहनेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह बोपाराय ने बताया कि गिरजोधन मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के गांव सालिबपुर का रहने वाला था और ईस्टमैन चौक के पास एक फैक्टरी में प्रेसमैन के रूप में काम करता था। उसका कुछ दिनों से अपनी पत्नी ललिता के साथ घरेलू बातों को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार की रात को भी वह घर आया तो पत्नी के साथ किसी बात को लेकर फिर से झगड़ा हो गया। वह झगड़ा करने के बहाने ऊपर चला गया। इसी दौरान उसने ऊपर ही खुद के तेजधार हथियार मारकर आत्महत्या कर ली। जब उसकी पत्नी ललिता छत पर खाना लेकर गई तो ऊपर गिरजोधन खून से लथपथ पड़ा था। पहले तो इलाके में शोर मच गया कि उसका पड़ोसी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया और पड़ोसी ने तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मगर जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उसने खुद पर तेजधार हथियार से हमला करके आत्महत्या की है। इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह बोपाराय ने बताया कि गिरजोधन का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।