लुधियाना के डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्रा अनन्या जैन सेंट्रल यूनिवर्सिटी प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी-यूजी) में नंबर वन रैंक हासिल करके राष्ट्रीय टाॅपर बनी हैं।
देश भर से 13.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी थी। उसमें से अनन्या ने यह उपलब्धि हासिल करके लुधियाना, स्कूल एवं परिवार का नाम रोशन किया है। यह परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर ली गई थी।
अनन्या ने इस परीक्षा में सौ पर्सेंटाइल अंक हासिल किए हैं। उन्होंने अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स और गणित में 100 पर्सेंटाइल, अंग्रेजी में 99.99 पर्सेंटाइल और 1225.93 का कुल स्कोर हासिल किया, नतीजतन वह 5 विषयों में अखिल भारतीय शीर्ष रैंकर बन गई। अनन्या ने हिटबुल्सआई लुधियाना की टेस्ट सीरीज देकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी प्रवेश परीक्षा-यूजी के लिए तैयारी की।
बारहवीं के साथ ही रोजाना दो घंटे की तैयारी
अनन्या जैन के पिता चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) और माता गृहिणी हैं। ऐसे में शुरू से ही उनका झुकाव अर्थशास्त्र की तरफ था। अब वे दिल्ली विश्वविद्यालय से इकोनाॅमिक्स ऑनर्स करेंगी। अनन्या ने कहा कि उन्होंने बारहवीं के साथ ही रोजाना दो घंटे तक इस प्रवेश परीक्षा के लिए अलग से तैयारी की। साथ ही उन्होंने इस परीक्षा में उत्तीर्ण होने से पहले क्रैश कोर्स भी किए। अनन्या का कहना है कि मेहनत, लगन के साथ काम करने से कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं है।