संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। महानगर के ट्रांसपोर्ट नगर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक अज्ञात राहगीर को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। घायल को समय पर 108 एंबुलेंस नहीं मिली और उसने सड़क पर ही दम तोड़ दिया।
यह घटना मोती नगर थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर हुई। लगभग 38 वर्षीय युवक सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मारी। हादसे में युवक के दोनों पैर कुचल गए। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस करीब आधा घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। घायल युवक वहीं तड़पता रहा और उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी ट्रक चालक आनंद ने आपातकालीन नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी दी थी। नियंत्रण कक्ष से गाड़ी भेजने का भरोसा दिया गया, लेकिन कोई मदद नहीं पहुंची। सहायक उपनिरीक्षक अजमेर सिंह ने इसे हिट एंड रन का मामला बताया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। मृतक की पहचान के लिए भी प्रयास तेज किए गए हैं। उसके पास से मिले की-पैड फोन की कॉल डिटेल निकाली जा रही है। शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में 72 घंटे के लिए रखा गया है।