हलवारा। कनाडा के सरी शहर में डबल मर्डर की जिम्मेदारी गैंगस्टर आकाश हरिके ने ली है। कनाडा में पंजाबी युवक गैरी रहल और उसकी 24 वर्षीय महिला मित्र सुख की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात वॉलमार्ट की पार्किंग में हुई थी। गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्याकांड की जिम्मेदारी ली है।
आकाश हरिके के नाम से सामने आए एक पोस्ट में गैरी पर ड्रग्स बेचने और युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया गया है। पोस्ट में कहा गया है कि ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए निशाना बनाया गया। पुलिस इस दावे की सत्यता और हत्याकांड से उसके संबंध की पड़ताल कर रही है। वारदात रात करीब 10 बजकर 38 मिनट पर हुई। घटनास्थल पर एक लाल फोर्ड मस्टैंग कार पर गोलियों के निशान मिले। वारदात के 13 मिनट बाद एक सफेद कार जली हुई मिली जिसकी जांच हमलावरों से संबंध के लिए की जा रही है। गैरी रहल का परिवार मूल रूप से पटियाला जिले के गांव मंगवाल का रहने वाला है। उसका नाम पहले भी हथियारों से जुड़े मामलों में पुलिस के संज्ञान में रहा था। इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (आईएचआईटी) ने जांच अपने हाथ में ले ली है। सार्जेंट फ्रेडा फोंग के अनुसार, यह हमला संगठित अपराध से जुड़ा प्रतीत होता है। अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।