मॉडल टाउन में रहने वाले गुरनिहाल सिंह ने अपनी मां पर दबाव बनाने और उन्हें डराने के लिए घर में हवाई फायर किए। आरोपी अपनी मोरिंडा वाली जमीन पर मछली फार्म खोलना चाहता था, लेकिन परिजन इसकी इजाजत नहीं दे रहे थे। जिस कारण आरोपी ने गोली चलाई। पिता गुरिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत बताया कि उनका बेटा गुरनिहाल अकसर अपनी मां के साथ बहस करता था। वह मोरिंडा में जमीन पर मछली फार्म खोलना चाहता था। इसी बात को लेकर वह परिजनों पर दबाव बना रहा था। परिजनों ने उसे काफी रोका, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। 27 अक्तूबर को रात गुरनिहाल ने शराब पीकर घर में क्लेश किया और गन उठाकर आंगन में दो हवाई फायर किए। जिसके बाद परिजन डर गए और पुलिस को सूचना दी। थाना माडल टाऊन पुलिस ने आरोपी के पिता गुरिंदर सिंह की शिकायत पर गुरनिहाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी से गन और 21 कारतूस के साथ साथ दो खोल भी बरामद किए हैं।