संवाद न्यूज एजेंसी
खन्ना। एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी खन्ना के आढ़ती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान गुरलाल सिंह (59) निवासी खालसा स्कूल रोड खन्ना के तौर पर हुई है। गुरलाल ने गांव कौड़ी के पास ट्रेन के आगे छलांग लगाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर मिले मोबाइल से मृतक की शिनाख्त की। जीआरपी खन्ना के प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि स्टेशन मास्टर ने मीमो के माध्यम से सूचना दी थी कि कौड़ी गांव में किसी व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। वे तुरंत अपनी टीम समेत मौके पर पहुंचे, वहां देखा कि सुसाइड केस था। थोड़ी ही दूरी पर मोबाइल था जिस पर कॉल आ रही थी। कॉल रिसीव करने से मृतक की पहचान हुई। गुरलाल सिंह ने मानसिक परेशानी के चलते सुसाइड कर लिया। पुलिस ने गुरलाल सिंह के बेटे और पड़ोसी के बयान दर्ज कर धारा 174 के तहत कार्रवाई के उपरांत शव वारिसों के हवाले कर दिया। बता दें आढ़ती गुरलाल सिंह की अनाज मंडी खन्ना में दुकान है। आढ़त के इस कारोबार में दो पार्टनर बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि कारोबार में घाटे को लेकर गुरलाल सिंह काफी समय से परेशान रहता था। इसी परेशानी के चलते गुरलाल सिंह ने खौफनाक कदम उठाया।