लुधियाना। पंजाब के ईनामी गैंगस्टर जयपाल भुल्लर का पंजाब पुलिस की ओकू टीम और कलकत्ता की एसटीएफ की टीम द्वारा एनकाउंटर किए जाने के बाद कांग्रेसी नेता गुरसिमरन सिंह मंड ने लड्डू बांटे। कांग्रेसी नेता मंड अपने समर्थकों के साथ आरती चौक पहुंचे। जहां उन्होंने लोगों को लड्डू बांटे और बाकी के गैंगस्टरों को भी चेतावनी दी। कांग्रेसी नेता ने कहा कि पंजाब पुलिस की बहादुरी को वह सलाम करते है। पंजाब पुलिस ने आतंकवाद को खत्म किया है और अब गैंगस्टरों का भी वहीं हाल होगा।
जगरांव में दो एएसआई को गोलियां मार कर उनकी हत्या करने के बाद से ही गैंगस्टर जयपाल भुल्लर पंजाब पुलिस के निशाने पर था। पंजाब पुलिस की टीम ने बुधवार को गैंगस्टर जयपाल भुल्लर और उसके साथी जसप्रीत सिंह जस्सी का कलकत्ता के न्यूटाऊन इलाके में स्थित शाकुरपुर कांफ्लेक्स के फ्लैट में घुस कर एनकाउंटर कर दिया था। जैसे ही खबर पंजाब पहुंची तो काफी हलचल मच गई। गैंगस्टर के एनकाउंटर के बाद वीरवार को कांग्रेसी नेता ने खुशी मनाई और लड्डू बांटे। कांग्रेसी नेता ने कहा कि पंजाब पुलिस में कई बहादुर अफसर है। बहादुर अफसरों ने पंजाब से आतंकवाद को खत्म किया है और अब गैंगस्टरों की बारी है। कई गैंगस्टरों को पंजाब पुलिस के बहादुर अधिकारी और मुलाजिम खत्म कर चुके है। अब बाकी के बचे गैंगस्टरों की बारी है। मंड ने कट्टरपंथियों के साथ साथ गैंगस्टरों को भी सीधे तौर पर धमकियां दी कि या तो वह सरेंडर कर दे नहीं तो उनका भी गैंगस्टर जयपाल भुल्लर जैसा ही होगा। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और डीजीपी दिनकर गुप्ता से बाकी के गैंगस्टरों का भी खात्मा करने की अपील की है।