पुलिस ने एक ट्रक की लूटने के बाद आरोपियों को डेढ़ घंटे में गिरफ्तार कर ट्रक बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने लूटपाट के आरोप में तीन लोगों को भी गिरफ्तार किया है। थाना सीटी के एसएचओ हरकीरत सिंह ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर बताया कि वीरवार शाम को हरियाणा के जिला चीका से ट्रक श्री आनंदपुर साहिब में लोड होने के लिए जा रहा था कि रोपड़ के नजदीक राष्ट्रीय मार्ग पर ट्रक को कुछ व्यक्तियों ने लूट लिया और ट्रक को भगा कर चंडीगढ़ की ओर ले गए। पुलिस के अनुसार लूट के आरोपियों ने ट्रक चालक को पीटकर पुलिस लाइन के पास फेंक दिया। इसके बाद चालक ने पुलिस को सूचना दी। एसएचओ ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने सभी पुलिस पार्टियों को रवाना कर दिया। पुलिस पार्टियों ने सोलखियां टोल प्लाजा के नजदीक से ट्रक को रिकवर कर लिया। पुलिस के अनुसार लूट के आरोपी हरियाणा निवासी तीन व्यक्तियों को ब्रेजा कार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में अनुज चहल पुत्र शमशेर सिंह वासी गांव गढी गुजरां जिला करनाल, मोहित शर्मा पुत्र सुभाष चंद्र वासी इसलाम नगर थाना इंद्री जिला करनाल और कृष्ण कुमार पुत्र सतपाल सिंह वासी गांव फेरी मान सिंह जिला करनाल पर केस दर्ज किया है। पकड़े हुए आरोपियों में से एक व्यक्ति ने अपने आप को ट्रक का मालिक होने का दावा किया है। जबकि पुलिस जांच में जुटी हुई है।