पंजाब वेयरहाउस कॉरपोरेशन के जिला मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा ने शुक्रवार को जहर खाकर अपनी जान दे दी थी। पुलिस ने पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह और पीए दिलबाग सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, धमकी और साजिश की धाराओं में मामला दर्ज किया था। भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से दुखी होकर खुदकुशी करने वाले पंजाब वेयरहाउस कॉरपोरेशन के डीएम गगनदीप सिंह रंधावा का मंगलवार को एक्सक्यूटिव मैक्सट्रीट और मेडिकल बोर्ड की निगरानी में अमृतसर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। करीब चार घंटे तक पोस्टमार्टम के बाद उनका रंधावा का शव घर लाया गया। इसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे उनका अंतिम संस्कार करने के लिए शिवपुरी दुर्गियाना मंदिर लाया गया। अंतिम संस्कार के मौके पर राजनीतिक हस्तियां सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मौजूदा हालातों को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से भी शिवपुरी के बाहर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए, ताकि भीड़ किसी भी तरह का हिंसा रूप धारण न कर सके।
विज्ञापन
वहीं दूसरी तरफ गिरफ्तार पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को मंगलवार शाम करीब 6 बजे अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के लिए सात दिन का रिमांड मांगा, लेकिन अदालत ने पांच दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया। भुल्लर को अब सोमवार को दोबारा से अदालत में पेश किया जाएगा।
अदालत में पेशी के दौरान पुलिस ने दलील दी कि मृतक रंधावा द्वारा जारी वीडियो और लगाए गए आरोपों की विस्तृत जांच की जानी है। पुलिस का कहना था कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं को स्पष्ट करने और तथ्यों की पुष्टि के लिए आरोपी से पूछताछ आवश्यक है, जिसके चलते लंबा रिमांड दिया जाए। हालांकि अदालत ने सभी पक्षों को सुनने के बाद पांच दिन का रिमांड उचित माना।
विज्ञापन
इधर, अदालत परिसर के बाहर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब भुल्लर के समर्थक बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हुए थे। एहतियात के तौर पर समर्थकों को अदालत परिसर के बाहर ही रोक दिया गया, जिससे किसी तरह की अव्यवस्था नहीं फैल सकी।
पुलिस अब रिमांड अवधि के दौरान मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की गहनता से जांच करेगी। वहीं, इस मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल बनी हुई है।
बता दें कि पंजाब वेयरहाउस के जिला मैनेजर रहे गगनदीप सिंह रंधावा ने शुक्रवार रात को जहरीला पदार्थ निगल लिया था। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने मरने से पहले बनाए वीडियो में पंजाब के जेल मंत्री रहे लालजीत भुल्लर का नाम लिया था। वीडियो सामने आने के बाद सीएम ने तुरंत मंत्री का इस्तीफा ले लिया था। इसके बाद विभिन्न राजनीतिक पार्टियों और परिवार का दबाव बढ़ा तो भुल्लर, उसके पिता और उसके पीए के खिलाफ केस दर्ज किया गया। सोमवार को लालजीत सिंह भुल्लर को गिरफ्तार किया गया था।