दिन के समय गली में फेरी लगाकर सब्जी बेचने और रात को राहगीरों से मोबाइल लूटने वाले एक आरोपी को लुधियाना की थाना मोती नगर की पुलिस ने 14 मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान जमालपुर की एचआईजी कालोनी निवासी सन्नी कुमार के रूप में हुई है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
जांच अधिकारी एएसआई बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने मल्होत्रा चौक के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी वहां से गुजर रहा था। पुलिस पार्टी ने आरोपी को रोकने की कोशिश की लेकिन आरोपी भागने लगा। पुलिस ने उसे दबोच लिया।
तलाशी लेने पर उससे 14 मोबाइल मिले। पुलिस के मुताबिक आरोपी दिन के समय सब्जी बेचता था और रात में राहगीरों से मोबाइल लूटता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि उसके साथ इस लूटपाट की वारदातों में और कितने लोग शामिल हैं। आरोपी चोरी के मोबाइल बेचकर नशा खरीदता था।