लुधियाना के गुरु नानक देव स्टेडियम परिसर में बने मल्टीपरपज हाल में इन
दिनों बालीवुड अभिनेता आमिर खान अपनी फिल्म दंगल की शूटिंग में व्यस्त हैं।
बुधवार को आमिर खान ने थाना सदर के नजदीक शूटिंग के दौरान रिक्शा
की सवारी कर दंगल का सीन फिल्माया। रिक्शा पर बैठ आमिर खान आसपास गलियों
में घूमे। इसके लिए सुबह ही सैट अप तैयार हो गया था। सुबह 9 बजे के करीब इस
सीन को शूट किया गया।
फिल्म दंगल में हरियाणा के पहलवान महावीर
सिंह फोगाट का किरदार आमिर खान निभा रहे हैं। आज फिल्माए गए सीन में
महाराष्ट्र स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से कराई गई सब-जूनियर प्रतियोगिता में
जीत कर महावीर फौगाट की बेटियां अपने पिता (आमिर) के साथ रिक्शे पर जाती
हुई नजर आती हैं।
शूटिंग के बाद आमिर खान ने कुछ पुलिस
उच्चाधिकारियों के साथ भी वक्त बिताया। दंगल फिल्म में रेसलिंग के
बैकग्राउंड को चेंज करने के लिए गुरु नानक स्टेडियम के बास्केटबाल ग्राउंड
में भी वीरवार को शूटिंग के कुछ अंश फिल्माए जाएंगे। ग्राउंड में शूटिंग की
तैयारियां शुरु कर दी गई हैं। इस दौरान सैट तैयार कर फिल्म के लिए अगले
रेसलिंग मुकाबले कराए जाएंगे। इसके बाद फिल्म की शूटिंग दोबारा से गांव
गुज्जरवाल में होगी।
शूटिंग देखने की नहीं किसी को अनुमति
आमिर
खान के चाहने वाले काफी मायूस हैं। शूटिंग स्थल पर जबरदस्त सुरक्षा होने के
कारण किसी को भी आने जाने की इजाजत नहीं है। सुरक्षा गार्ड प्रशंसकों को
स्टेडियम के गेट से ही वापस भेज देते हैं। बुधवार को गेट के बाहर पर्सनल
सिक्योरिटी के साथ साथ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। ताकि किसी भी तरह का
कोई शोर शराबा न हो।
दंगल फिल्म में आमिर खान के साथ काम करने वाले लोगों
का कहना है कि कई स्टार्स के साथ काम किया है। परंतु आमिर खान का अंदाज ही
अलग है। वे मिलनसार हैं और सभी से प्यार से बात करते हैं।