संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। शिवपुरी चौक में पान के खोखे पर खड़े नौजवान पर वीरवार की देर रात को हथियारबंद युवकों ने तेजधार हथियारों से उस पर कातिलाना हमला कर दिया। आरोपियों ने इतनी बुरी तरीके से हमला किया की नौजवान के सिर पर गहरी चोट लगने के साथ साथ उसकी हाथ की चार अंगुलियां भी कट गईं। नौजवान इसी हालत में सिविल अस्पताल पहुंच गया, जहां डाॅक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। नौजवान की पहचान राहुल शर्मा के रूप में हुई है, जो शिवपुरी का रहने वाला है। थाना दरेसी पुलिस को इसकी शिकायत दे दी गई है। पीजीआई अस्पताल से पुलिस को रुका भी पहुंच गया है। बयान दर्ज करने के लिए टीम भी पहुंच गई है।
घायल राहुल शर्मा ने कहा कि वह प्रिंटिंग का काम करता है। काम से लौटते समय शिव पुरी चौक के पास एक पान के खोखे पर सिगरेट का पैकेट खरीदने के लिए वह रुक गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। वह जब तक उन लोगों को देख या समझ पाता, उन लोगों ने उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। राहुल ने कहा कि उसे शक है कि नशेड़ी या लुटेरों ने उस पर लूट की नीयत से हमला किया है। धारदार हथियारों से अपना बचाव करने के लिए उसने अपना हाथ आगे किया, लेकिन बदमाशों ने धारदार हथियार से उसकी दाएं हाथ की चार अंगुलियां काट दीं। राहुल ने कहा कि उंगलियों की हालत से अब लग रहा है कि जिंदगी भर उसका हाथ काम नहीं कर सकेगा। वह पूरी जिंदगी नकारा होकर रह गया है। उधर, थाना दरेसी के एसएचओ इंस्पेक्टर अवतार सिंह ने बताया कि उनके पास मामला आ गया है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा उन्होंने गिरफ्तार कर लिया जाएगा।