लुधियाना। डाबा के ग्यासपुरा इलाके में सैर करने के लिए दोस्त के साथ निकले अमनदीप सिंह से मोबाइल लूट के दौरान उसकी हत्या करने के मामले में तीन आरोपियों को थाना डाबा की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को कच्ची पटरी रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस ने लूटे हुए चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान मोहल्ला गुरमेल नगर निवासी हरविंदर सिंह उर्फ लाली, गांव जमालपुर निवासी गुरमीत सिंह उर्फ गगन और मुंडिया खुर्द निवासी तेज राम उर्फ चिंटू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोहल्ला प्रेम नगर निवासी अमनदीप सिंह अपने दोस्त सुनील सिंह के साथ सैर करने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में लूट की नीयत से बाइक सवार युवकों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने मारपीट कर अमनदीप सिंह को तेजधार हथियार से घायल कर दिया और उसके मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। सुनील ने विरोध करना चाहा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। सुनील ने इसकी जानकारी परिवार वालों को दी। जिसके बाद अमनदीप सिंह को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां से उसे दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया। अगले ही दिन उसकी मौत हो गई।
दो टीमों ने की मामले की जांच
पुलिस ने मामले की जांच के लिए दो टीमों का गठन किया था। पुलिस ने इलाके में लगे कई सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली और बारीकी से जांच की गई तो पता चला कि आरोपी बाइक पर सवार थे। पुलिस ने बाइक का नंबर पता कर लिया, लेकिन वह भी जाली निकला। पुलिस को सूचना मिली कि तीनों आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देते हैं। थाना डाबा की एसएचओ सब इंस्पेक्टर मनजिंदर कौर को सूचना मिली कि आरोपी कच्ची सड़क पर जा रहे हैं। जिसके बाद घेराबंदी कर इन्हें काबू कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चोरी की बाइक पर जाली नंबर लगाकर लूट की नीयत से युवक की हत्या कर दी। आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ करने में जुटी है।