थाना सुधार के एक गांव में स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा परिसर में नाबालिग लड़की से अश्लील हरकतें करने वाले जुगराज सिंह के खिलाफ पुलिस ने वारदात के एक सप्ताह बाद मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। गुरुद्वारा साहिब के एक कमरे मे लगाए गए खुफिया कैमरे में कैद वारदात के चार वीडियो वायरल होने से पूरे इलाके मे सनसनी फैल गई थी। आरोपी जुगराज सिंह इसी गुरुद्वारा साहिब की प्रबंधक कमेटी का पूर्व प्रधान था और उसके खिलाफ ये मुकद्दमा मौजूदा प्रधान बलजीत सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है। इस संगीन अपराध के बाद थाना सुधार की पुलिस पर भारी दबाव था, क्योंकि आरोपी जुगराज सिंह की ऊंची राजनीतिक पहुंच है। अकाली दल बादल का सीनियर नेता होने के साथ-साथ पिछले विधानसभा चुनाव में जुगराज अकाली प्रत्याशी मनप्रीत सिंह अयाली का अपने गांव से पोलिंग एजेंट भी था। दाखा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोपी जुगराज की राजनीतिक तस्वीरें भी जारी की हैं। वारदात के बाद से आरोपी जुगराज फरार है। शिकायतकर्ता प्रधान बलजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को धार्मिक सजा भुगतने का पूरा मौका दिया गया, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। सत्कार कमेटी के जिला ग्रामीण प्रधान मोहन सिंह बंसीपुरा भी गांव में आए, लेकिन नहीं लौटा। इसीलिए केस दर्ज कराया गया। प्रधान बलजीत सिंह ने बताया कि आरोपी जुगराज सिंह गुरुद्वारा में गांव के बच्चों को गुरमत शिक्षा के साथ साथ कीर्तन और साज बजाना भी सिखाता था। थाना सुधार के प्रभारी जसवीर सिंह बुट्टर ने कहा कि आरोपी की तलाश की जा रही है। उसकी फोन कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। विधायक मनप्रीत सिंह अयाली का कहना है कि चाहे कोई भी हो, अगर वह गलत कार्यों में संलिप्त पाया जाता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।