संवाद न्यूज एजेंसी
रोपड़। ब्लाक नूरपुरबेदी के गांव बड़वा वासी एक परिवार की लोहड़ी बंपर ने किस्मत चमका दी। गांव बड़वा वासी हरभिंदर सिंह पप्पू की 10 करोड़ रुपये की लाटरी निकली, इसके बाद से परिवार में खुशियां छाईं हैं। लॉटरी के बारे में पता लगने पर हरभिंदर सिंह के घर में बधाई देने वालों का तांता लगा है। वहीं अशोका लाॅटरी स्टाल पर भी ढोल बजते रहे। सउदी अरब में ट्राला चलाने वाले हरभिंदर सिंह कुछ समय पहले ही घर आए थे और उन्होंने रोपड़ के पुराने बस स्टैंड पर स्थित अशोक लाॅटरी स्टाल से 500-500 रुपये के दो लोहड़ी बंपर खरीदे थे पर लाॅटरी टिकट खरीदने से पहले हरभिंदर सिंह ने परिवार सहित पीर बाबा जिंदा शहीद जी के धार्मिक स्थान पर पहुंचकर अरदास की थी। हरभिंदर सिंह ने कहा कि इन रुपयों से अपने बेटे दविंदर सिंह को काम करवाएंगे और जमीन खरीदेंगे। हरभिदंर सिंह की पत्नी कमलेश कौर ने कहा कि उनके परिवार ने बहुत दुख सहे हैं। वह काफी समय तक बीमार रही, जबकि उनके बेटे दविंदर सिंह की एक हादसे में बाजू कट गई, वह दिव्यांग हो गया। उन्होंने कहा कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। अब परमात्मा ने उनकी सुनी है। उन्होंने कहा कि उन्हें शिवजी पर पूरा भरोसा था। बेटे दविंदर सिंह ने कहा कि वह इन रुपयों से अपना कारोबार करेंगे। साथ ही बीमार लोगों की मदद करेंगे।