जगरांव के फाइनांसर गुरप्रीत सिंह की डाक्टर पत्नी परमिंदर कौर द्वारा पति एवं दोनों बच्चों को मौत के घाट उतार कर खुदकुशी करने के मामले में एक डाक्टर एवं चार युवतियां शक के दायरे में हैं। मृतका डॉ. रूपिंदर कौर ने अपने चार पेज के सुसाइड नोट में चार युवतियों के नाम लिखे हैं।
सूत्रों के अनुसार पति-पत्नी में क्लेश का कारण जगरांव का एक डाक्टर भी बताया जा रहा है। फाइनांसर उक्त डाक्टर को पसंद नहीं करता था और डाक्टर उनके पारिवारिक मामलों में दखल देता था।
थाना सिटी की पुलिस सभी पहलुओं पर जांच को आगे बढ़ा रही है। जगरांव पुलिस को फाइनांसर की कोठी से दो मोबाइल फोन मिले हैं। इनमें एक मोबाइल फोन से कुछ नंबराें पर लंबी बातें हुई हैं। इनकी काल डिटेल खंगाली जा रही है।
परमिंदर कौर द्वारा परिवार को खत्म कर उसकी आत्महत्या मामले में जगरांव पुलिस ने कल तक फाइनांसर को आरोपी नहीं बनाया था, लेकिन जांच के बाद मृतक फाइनांसर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी हरी मित्तर का कहना है कि इस मामले में मृतका डाक्टर पर अपने परिवार को मारने और दूसरे मामले में मृतक फाइनांसर गुरप्रीत सिंह, उसके पिता पृथ्वीपाल सिंह, माता दिलबाग कौर, मामा जतिंदरपाल सिंह, मुक्तसर एवं कनाडा में रहने वाली बहन ज्योति एवं प्रीति के खिलाफ डॉ. पत्नी को मरने के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
यह मामला मृतक डाक्टर के पिता एवं गुरु हर सहाय निवासी बचन सिंह के बयान पर दर्ज किया है। केस की जांच में जुटी पुलिस को कोठी से मृतका द्वारा लिखे सुसाइड नोट की एक और कार्बन कापी भी मिली है। पुलिस के अनुसार मृतका ने सुसाइड नोट लिखते वक्त कार्बन कापी बना कर कोठी में अलग जगह पर छिपा दी थी।
इस कांड में मारे गए परिवार के चारों सदस्यों का अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा। परिवार के परिजनों के कनाडा से आने का इंतजार किया जा रहा है।